पतलीकूहल व नग्गर में निकाली जाएंगी विशाल तिरंगा यात्राएं – गोविंद ठाकुर, 13 से 15 अगस्त तक हर परिवार फहराएगा तिरंगा कुल्लू । मनाली विधानसभा के अंतर्गत पतलीकूहल, नग्गर, जगतसुख व मनाली मॉल रोड़ पर आगामी 09 अगस्त से विशाल तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें महिला व युवक मण्डलों, स्वयं सेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों व स्कूली बच्चों को सम्मिलित किया जाएगा। यह बात शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कटराईं में हर घर तिरंगा अभियान पर आयोजित एक कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। कार्यक्रम में मनाली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। गोविंद ठाकुर ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिये प्रत्येक व्यक्ति का योगदान अपेक्षित है। गोविंद ठाकुर ने जिला वासियों से आगामी 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभावना की मुहिम को मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह भावना तिरंगे के साथ हमारे जुड़ाव को और गहरा करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को जिला में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सभी ओर देशभक्ति का वातावरण तैयार करने के लिये 11 अगस्त से जगह-जगह पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। उन्होंने पंचायत प्रधानों से संबंधित पंचायतों में ध्वज हाथ में लेकर देशभक्ति के गीतों का गायन करते हुए प्रभात फेरियां व तिरंगा यात्राएं निकालने की व्यवस्था करने को कहा। Post navigation ज़िला कुल्लु के घनश्याम शर्मा ने मारी बाज़ी कुल्लू का अंतर्राष्ट्रीय उत्सव दशहरा 5 से 11 अक्तूबर तक मनाया जाएगा – गोविंद ठाकुर