मनाली। वामतट मार्ग पर जगतसुख में रविवार रात गोलीकांड की वारदात हुई। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। जगतसुख के एक रेस्तरां में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति की टांग में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए रात को ही उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भादंसं की धारा 307 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी युवक को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे जगतसुख में एक रेस्तरां में वीरेंद्र शर्मा पुत्र गांथू राम निवासी जगतसुख आया और कुछ खाने की मांग करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था और उसके हाथ में बीयर की बोतल भी थी। रात को खाना नहीं होने की बात कहीं तो वह रिवालवर दिखाने लगा। जिसके बाद रेस्तरां के कर्मियों ने शूरू गांव निवासी प्रियाल आचार्य को फोन करके बुलाया। प्रियाल आचार्य रेस्तरां में पहुंचा तो एक व्यक्ति टेबल पर बैठा था। पुलिस को दिए बयान में प्रियाल ने कहा है कि जब उसने उससे रिवाल्वर दिखाने के बारे में पूछा वीरेंद्र ने अपनी जेब से रिवाल्वर निकाली और खिड़कियों को निशाना साधा। फिर उसने रिवाल्वर जेब में रख दी। कुछ ही देर बात उसने अचानक रिवाल्वर निकाली और उसपर गोली चला दी। गोली उसकी बाईं टांग पर लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रात को ही सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर रवाना हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को रात को ही गिरफ्तार किया था। रिवाल्वर व कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *