ट्रैकिंग पर गए दिल्ली के युवक का ही निकला जोगनी फाल में बरामद शव
एनडीआरएफ, पुलिस और अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान के रेस्कयू दल ने गहरी खाई से निकाला शव
मनाली। भृगु झील की ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए दिल्ली के धावक का शव बुधवार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। एनडीआरएफ, पुलिस और अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान के रेस्कयू दल ने गहरी खाई में गिरे युवक का शव बाहर निकाला। शव को मनाली लाया जा रहा है ।
गौरतलब है कि राहुल रमेश पुत्र रमेश निवासी 15 एच, पॉकेट-4, मयूर बिहार, दिल्ली सोलंग में 100 मीटर दौड़ में भाग लेने के लिए आया था। 28 सितंबर को वह पलचान से भृगु झील की ओर गया था। लेकिन, लौटकर नही आया। आखिरी बार उसकी मोबाइल लोकेशन जोगनी फाल के आसपास थी। वहीं पर उसका मोबाइल भी मिला था। इसके बाद पुलिस और अटल बिहारी पर्वतारोहण संबद्ध खेल संस्थान की रेस्कयू टीम उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार को शव खाई में गिरा हुआ दिखा था। लेकिन, उसे निकाला नही जा सका। बुधवार को रेस्कयू दल पुनः जोगनी फाल के लिए रवाना हुए। दिनभर रेस्कयू अभियान चला। खड़ी चट्टान से पहले रैपलिंग करते हुए एनडीआरएफ के जवान 500 फीट गहरी खाई से शव को निकाला। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पर्वतारोहण संस्थान, एनडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्कयू चलाया। एनडीआरएफ के जवान नीचे उतरे। शव का ढांक से निकाला गया है। उसे मनाली लाया जा रहा है। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *