मनाली। भूमि अधिग्रहण के लम्बे अरसे से पैसे न मिलने से परेशान ग्रामीणों को जल्द पैसे मिलने जा रहे हैं। मनाली के कोठी, पलचान, कुलंग, बाहंग, वशिष्ठ व अलेउ के लगभग डेढ़ हजार परिवार इस बार दशहरे व दीवाली पर्व की खुशियां सही तरीके से मना सकेंगे। इन परिवारों को लगभग 120 करोड़ की राशि आवंटित की जाएगी।

भूमि अधिग्रहण की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई है। मनाली प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द एसडीएम मनाली कार्यालय में बैंक का खाता नम्बर व नाम, आईएफएससी कोड, पैन कार्ड व आधारकार्ड जमा करवाएं।

गौर हो कि बीआरओ ने मनाली सरचू मार्ग पर किमी सात से किमी 13 के बीच सड़क को डबल लेन बनाने के लिए ग्रामीणों की जमीन का अधिग्रहण किया है। लम्बे समय से ग्रामीण पैसे देने की मांग सरकार से कर रहे थे। एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने बीआरओ से तालमेल बिठाकर तेजी से कार्य करते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी की।

एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों की भूमि का अधिग्रहण हुआ है वो लोग दो दिन के भीतर बैंक डिटेल को आधारकार्ड व पैन कार्ड के साथ कार्यालय में जमा करवाएं। छः अक्टूबर को अवार्ड घोषित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जल्द ही इन परिवारों को राशि उनके बैंक खाते में जमा करवा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *