मनाली। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में भाग लेने के लिए कुल्लू राज परिवार की दादी देवी हिडिंबा मंगलवार को रवाना हुई। ढुंगरी स्थित हिड़िंबा मंदिर से भव्य रथयात्रा निकलेगी। जिसमें हजारों की संख्या में कारकून व हारियान और आम श्रद्घालु भाग लेंगे। सोमवार को मंदिर में दुर्गाष्टमी पर श्रद्घालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में कई भक्तों ने कन्या पूजन कर पुण्य भी कमाया। गौरतलब है अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में ‌देवी हिडिंबा का भाग लेना अनिवार्य माना जाता है। मान्यता है कि देवी हिडिंबा की उपस्थिति के बिना दशहरा उत्सव नहीं होता। हर वर्ष उत्सव में भाग लेने से पहले देवी हिडिंबा के  मंदिर में तीन दिन तक हवन यज्ञ भी किया जाता है। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि को देवी हिडिंबा की रथयात्रा ओल्ड मनाली स्थित मनुमंदिर से ढुंगरी स्थित हिड़िंबा मंदिर तक शुरू हुई। रथ में विराजमान होकर देवी हिडिंबा मंदिर पहुंच गई है। इस वर्ष एक अक्तूबर से यज्ञ शुरू हुआ था। सोमवार को तीसरे दिन यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद देवभोज का भी आयोजन किया गया। मंगलवार को भोर होते ही देवी हिडिंबा की भव्य रथयात्रा कुल्लू दशहरा के लिए रवाना हुई। हिडिंबा मंदिर से मनाली के मालरोड़ होते हुए यात्रा देर शाम कुल्लू के रामशिला पहुंचेगी। इस दौरान जगह-जगह देवी हिड़िंबा का भव्य स्वागत किया जाएगा। हजारों श्रद्धालु माता हिडिम्बा से सुख समृद्धि का आशीर्वाद लेंगे। मंगलवार सुबह पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा माता हिडिम्बा के भक्तजनों के लिए पीडब्लूडी परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *