मनाली: वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई। जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। आधी रात को जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे। बाढ़ की खबर सुनकर सभी जाग गए। लोगों ने डर के साए  में रात काटी। बीआरओ की सतर्कता से जानी नुकसान नहीं हुआ। बीआरओ ने आधी रात दो बजे मशीनरी मौके पर भेज दी और पानी का रुख नदी की ओर कर दिया। बाढ़ का पानी लगभग 50 दुकानों में घुस गया जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। कुछ दुकानों, घरों व ढाबों में मलबा भी भर गया है। पूर्व बीडीसी सदस्य गोकल चन्द व ग्रामीण संजू, रमेश व अंकित ने बताया कि आधी रात नाले में जोर की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो नाले   का जल स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया था। उन्होंने बताया कि लोगों ने पहनकर एक दूसरे को सतर्क किया। बीआरओ ने रात दो बजे मशीनरी घटनास्थल की ओर भेजी। समय रहते मलबा सड़क से हटाकर पानी का रुख नदी की ओर किया जिससे जानी नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बाहंग के पुराने प्राइमरी स्कूल से लेकर डीजीआरइ के परिसर व बीआरओ क्लोनी तक नाले का मलबा फैल गया। इससे मनाली लेह सड़क भी बाधित हो गई।आधी रात को आई बाढ़ ने बाहंग वासियों की नींद उड़ा दी। एसडीएम मनाली रमण शर्मा ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बाढ़ से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बीआरओ से मनाली लेह मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *