रंग बिरंगी कार्निवाल परेड के साथ विंटर कार्निवाल 2025 का आगाज

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने माता हिडिम्बा की पूजा-अर्चना कर दी हरी झंडी

मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में पांच दिवसीय नेशनल विंटर कार्निवाल का शुभारंभ रंगारंग झांकियों के साथ हुआ। सर्किट हाउस से लेकर माल रोड तक महिला मंडलों और अन्य टीमों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने घाटी की आराध्य देवी माता हिडिम्बा की पूजा-अर्चना कर कार्निवाल का उद्घाटन किया। इस दौरान लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा और कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी उपस्थित रहे।

झांकियों में पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता और देश की समृद्ध संस्कृति को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग उमड़े।

इस बार के कार्निवाल में 276 महिला मंडलों सहित कुल 290 टीमों ने भाग लिया। झांकियों में कुल्लू-मनाली की परंपराओं, लोक संस्कृति, आभूषण, पारंपरिक भोजन और कृषि जीवन को प्रस्तुत किया गया।

झांकियों का मुख्य आकर्षण:

डोभा, चचोगा, गजां और वशिष्ठ ने विलुप्त हो रहे अनाज पर झांकियां पेश कर जागरूकता फैलाई।

हिम्ब्ररी और कुलंग महिला मंडल ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। रोमनी राउगई और अन्य मंडलों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की झांकियां पेश कीं।

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा मुख्यमंत्री का आगमन मौसम की वजह से रद्द हुआ, लेकिन महिलाओं की भागीदारी ने इस कार्निवाल को खास बना दिया।

इनाम भी होंगे वितरित:

कार्निवाल परेड में भाग लेने वाले महिला मंडलों की झांकियों का मूल्यांकन किया जाएगा, और प्रथम स्थान पर आने वाले मंडल को ₹20,000 का इनाम दिया जाएगा।

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने बताया कि झांकियों की बेहतरीन प्रस्तुति ने कार्निवाल को खास बना दिया।