फैशन शो में महिलाओं ने रैंप पर बिखेरे जलवे , 10 महिला मंडलों के बीच हुई कांटे की टक्कर मनाली। नेशनल विंटर कार्निवाल के तीसरे दिन मनु रंग शाला में महिलाओं ने फैशन शो के दौरान रैंप पर खूब जलवे विखेरे। लगभग एक घण्टे तक चली इस प्रतियोगिता में 10 महिला मंडलों ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए। फैशन शो के माध्यम से महिलाओं ने पारंपरिक पट्टू, धाठू, गले में चांदी का चंद्रहार, सोने का पातकू, गोखडू, बाजूबंद, पाजेब पहने अपनी प्राचीन संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। महिला मण्डल छियाल ने फैशन शो प्रतियोगिता की शुरुआत की। मां दुर्गा महिला मंडल मनाली की महिलाओं ने भी बेहतरीन प्रस्तुति दी। इस दौरान मनु रंगशाला सीटियों और तालियों से गूंज उठी। मनु महिला मंडल मनाली, दानी धार महिला मंडल गोशाल, गायत्री महिला मंडल जगतसुख, शरबरी महिला मंडल शुरु, अपर शनाग महिला मंडल, महिला मंडल शिम डोभी, महावीर महिला मंडल चचोगा और भुवनेश्वरी महिला मंडल केत बेहड ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि कार्निवाल को सफल बनाने के हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मनु रंग शाला सहित माल रोड व रावमा पाठशाला मनाली में विंटर कार्निवाल की धूम मची हुई है। Post navigation मुख्यमंत्री ने की शांता कुमार से भेंट मनाली के माल रोड पर राइट बैंक की महिलाओं ने डाली नाटी, सफेद पट्टू में नजर आई महिलाए, 78 महिला मंडलों ने लिया भाग