शहर को जोड़ने वाली सड़क की हालत सुधारने में जुटी नप मनाली

थाने के पास नाले में पड़े लेंटर को तोड़कर बनाई पानी के लिए निकासी

मनाली। नगर परिषद मनाली रांगड़ी से पर्यटन नगरी को जोड़ने वाली सड़क की हालत सुधारने में जुट गई है। थाने के पास नाले के उपर डाले गए लेंटर को तोड़कर पानी की निकासी की बेहतर व्यवस्था की गई है। अब नाले का पानी सड़क में नहीं आएगा। गत दिनों सियाल व भजोगी नाले में बाढ़ से थाने के पास नाला मलबे से भर गया और सारा पानी सड़क पर आ गया। पानी ने मनाली के मुख्य द्वार वाली सड़क को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। नगर परिषद ने नाले के उपर पड़े लेंटर को तोड़कर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है। नगर परिषद की माने तो हालांकि यह सड़क नेशनल हाइवे के पास है लेकिन कई महीनों तक सड़क ठीक न होने के बाद नगर परिषद ने इसकी हालत सुधारने का जिम्मा उठाया। नप की माने तो सितंबर के शुरु में सड़क की हालत सुधारने का कार्य शुरु कर दिया था लेकिन नाले में फिर से बाढ़ आ आई जिससे नप को नुकसान हुआ।

नगर परिषद के अध्यक्ष चमन कपूर ने बताया की नेशनल हाइवे सड़क की हालत नहीं सुधार रहा था जिस कारण मोडल टाउन के होटलों को नुकसान हो रहा था। उन्होंने बताया कि मंत्री गोविंद ठाकुर के सहयोग से नप मनाली सड़क की हालत सुधार रहा है। कपूर ने कहा कि शहर के विकास कार्यों को धरातल में उतारने के लिए मंत्री गोविंद ठाकुर का बेहतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नाले के लेंटर को तोड़कर पानी की निकासी का स्थायी समाधान कर लिया है। मनाली के प्रवेश द्वार वाली सड़क जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *