मनाली। शिक्षा व भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज अपने गृह विधानसभा क्षेत्र मनाली में जन समस्याएं सुनी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुनने के लिये अपने दौरे के तीनों दिन विशेष तौर पर समय दिया है। इस दौरान प्रातःकाल से ही लोग अपनी समस्याएं लेकर आने शुरू हो गये। शिक्षा मंत्री ने लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के प्रयास किये। उन्होंने संबंधित विभागों को त्वरित कारवाई करके लोगों की शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश दिये।

क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमण्डलों ने भी शिक्षा मंत्री से मुलाकात करके अपने क्षेत्रों के विकास के लिये योजनाओं पर चर्चा की। शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति कार्यालय में अपनी समस्या लेकर आता है तो प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग छोटी छोटी शिकायतों को लेकर उनके पास आते हैं। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र के विकास के लिये नई परियोजनाएं बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिये कोई नया विजन लेकर सामने आता है तो उस अधिकारी व पदाधिकारी का स्वागत है और प्रदेश सरकार विकास के कार्यों को तरजीह दे रही है।

गोविंद ठाकुर ने लोक निर्माण, जल शक्ति व बिजली विभाग के अभियंताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि बहुत सी परियोजनाओं के कार्य पूरे होने को है जिनका मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोकार्पण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं व विकास कार्यों में दोगुणी गति के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि निश्चित लक्ष्यों को हर हालत में पूरा किया जाना चाहिए ताकि जनता को समयबद्ध इनका लाभ मिल सके।

प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर सहित शहरी स्थानीय निकाय के चुने हुए प्रतिनिधि व भाजपा के पदाधिकारी इस दौरान मंत्री के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *