शिमला। प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है ताकि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रोज़गार और स्वरोज़गार के अधिक अवसर प्राप्त हो सकें। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं के कौशल विकास और सुधार के लिए हर सम्भव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी आजीविका अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं के कौशल विकास पर विशेष बल दिया है ताकि उन्हें उद्योगों की आवश्यकतानुसार और अधिक सक्षम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वे रूचि के अनुसार अपने कौशल में निखार लाएं ताकि उन्हें लाभकारी रोज़गार उपलब्ध हो सके। जय राम ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस का विषयवस्तु ‘जीवन, कार्य और सतत विकास के लिए प्रज्ञता और कौशल’ है। उन्होंने कहा कि इस दिवस के आयोजन का उद्देश्य विश्व के युवाओं के मध्य विभिन्न प्रकार के कौशल को प्रोत्साहन प्रदान करना है ताकि उन्हें रोज़गार के अधिक अवसर प्राप्त हों और वे अपने कौशल के बल पर अच्छा जीवन यापन कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में कौशल विकास निगम युवाओं के कौशल विकास पर विशेष बल दे रहा है और युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सदैव कहते हैं कि हम कौशल विकास को जितना महत्व देंगे, उसी के अनुरूप हमारे युवा भी सक्षम बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक हिमाचल प्रदेश कौशल विकास परियोजना के अन्तर्गत 545 करोड़ रुपये के अनुबन्ध किए जा चुके हैं। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास परियोजना के अन्तर्गत एशियन विकास बैंक द्वारा 195 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, एशियन विकास बैंक की सहायता से सोलन जिला के वाकनाघाट में पर्यटन, आतिथ्य और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उत्कृष्टता केन्द्र स्थापित किया जा रहा है। जय राम ठाकुर ने कहा कि उच्च कौशल विकास को केंद्र में रखते हुए हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम ने लगभग 16000 हिमाचली युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वेब डिजाइनिंग, मशीन लर्निंग जैसे विषयों का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सरकारी संस्थानों और विश्वविद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मण्डी जिले के पधर में कौशल विकास निगम के प्रशिक्षुओं और निफ्ट कांगड़ा में प्रशिक्षुओं के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। उन्होंने पीटरहॉफ में उपस्थित कौशल विकास निगम के माध्यम से कार्यान्वित विभिन्न पाठयक्रमों के चुनिंदा प्रशिक्षुओं और लाभार्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने इस अवसर पर कौशल विकास निगम के मोबाइल एप और ई-पत्रिका का भी विमोचन किया। Post navigation योग गुरु अक्षरनाथ ने अपने शिष्यों सहित 14100 फीट उंचे चन्द्रताल में किया योग हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का 53वां स्थापना दिवस आयोजित