मनाली। नवनियुक्त डीएसपी केडी शर्मा ने मनाली में पुलिस उपाधीक्षक के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ साथ शहर की यातायात समस्या को पटरी पर लाने के विशेष प्रयास होंगे। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। मनाली में किसी भी सूरत में नशा माफिया को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा। क्षेत्र में अवैध रूप से इस धंधे में जुटे लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। जनता के साथ मिलकर काम करते हुए अपराध खत्म करने व अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पांच साल पहले यहां बतौर थाना प्रभारी सेवाएं दे चुके हैं। यहां की भौगोलिक परिस्थितियों सहित समस्याओं से परिचित है।उन्होंने बताया की लोगों की शिकायतों का तुरंत निपटारा प्राथमिकता से किया जाएगा।लोग बेझिझक उनके पास अपनी समस्या लेकर आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की भी बात कही, ताकि होने वाले किसी भी गैरकानूनी कार्य व जुर्म को रोका जा सके। केडी शर्मा ने लोगों से आग्रह किया कि वो किराएदार रखने से पहले उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने नेपाल मूल के लोगों से आग्रह किया कि वो मनाली आते ही पुलिस थाने में अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *