पीएम ने देश में बनवाए 11 करोड़ शौचालय : स्मृति ईरानी

स्मृति बोलीं- सोनिया व राहुल प्रचार से रखे गए दूर, कांग्रेसी जानते थे हिमाचल बुलाने पर नुकसान होगा

कुल्लू(मनाली)। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि राम का नाम नकारने वाले आज राजनीतिक वनवास झेल रहे हैं। देश विरोधी ताकतों का साथ देने वाले आज भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति इरानी वीरवार को मनाली के सरसेई में भाजपा प्रत्याशी गोविंद ठाकुर की प्रचार के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस ने सोनिया गांधी व राहुल गांधी से दूरी बनाई है क्योंकि वे जानते हैं कि उनके हिमाचल बुलाने से कांग्रेस को नुकसान होगा। मंत्री स्मृति ने कहा कि कांग्रेस पार्टी धर्म का सम्मान करना सीखे। कांग्रेस ने दशहरा पर्व में भी अफवाह फैलाई। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देवी-देवताओं के सच्चे भक्त हैं।

भाजपा प्रत्याशी गोविंद ठाकुर ने मंच से अवगत कराया कि दशहरा पर्व के दौरान पीएम के आगमन पर कांग्रेस ने सुरक्षा कारणों से जनता को होने वाली दिक्कतों को लेकर अफवाह फैलाई थी, जिस पर स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस धर्म का सम्मान नहीं करती। दशहरा पर्व में इस तरह की अफवाह फैलाना कांग्रेस की घटिया मानसिकता को दर्शाता है।

 

उन्होंने कहा कि प्रभु राम के अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लगाने वाले इन कांग्रेस नेताओं को क्या पता कि धर्म क्या है। देश के प्रधानमंत्री 24 घंटे जनता की सेवा में जुटे हैं। महिलाओं के उत्थान में केंद्र सरकार की भूमिका अहम है। मोदी सरकार ने महिलाओं का दर्द समझा। महिलाओं की दिक्कत को ध्यान में रखने हुए प्रधानमंत्री ने देश में 11 करोड़ शौचालय बनवाए। बिना किसी शुल्क के बैंकों में खाते खुलवाए। आज सरकार का सीधा पैसा गरीब के खाते में जा रहा है। महिलाओं के दर्द को समझते हुए केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से ईंधन पहुंचने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनाओ ओर अनेक योजनाओं का लाभ उठाओ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *