मनाली। शारद नवरात्रों के उपलक्ष्य पर मनाली में दुर्गा पूजा का भव्य आगाज हो गया है। सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ महाकालेश्वर मंदिर में मूर्ति स्थापना के बाद पूजन शुरू हुआ। देवी हिडिंबा के मंदिर के समीप ढुंगरी गांव के जायरू से पवित्र जल लाकर महाकालेश्वर मंदिर में कलश स्थापना भी हुई। हिडिंबा मंदिर से मनाली बाजार के माल रोड़ होते हुए दुर्गा मं‌दिर से कलश यात्रा महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। ढोल नगाड़ों की धुन पर निकली इस शोभायात्रा में महिलाएं खूब थिरकीं। मनाली शहर में अखंड ज्योति मां दुर्गा पूजन समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को कलशयात्रा के साथ इसका विधिवत आगाज हुआ। गौरतलब है कि मनाली में रह रहे बाहरी क्षेत्र के लोगों के सहयोग से हर वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। नौ दिनों तक यहां प्रतिदिन दुर्गा पूजा होगी। 11 आचार्य व ब्राह्म्णों द्वारा प्रतिदिन शतचंडी पाठ व देवी-देवताओं का जाप किया जाएगा। चार अक्तूबर तक प्रतिदिन नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी। तीन अक्तूबर को सुबह दस बजे विशेष पूजन होगा जबकि पांच अक्तूबर को शोभायात्रा के साथ मूर्ति का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। इसी दिन यहां पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। अखंड ज्योति मां दुर्गा पूजन समिति के अध्यक्ष हरबंस अवस्थी ने बताया कि मनाली में रह रहे बाहरी राज्यों के कारोबारी, मजदूर व अन्य लोग यहां दुर्गा पूजा का आयोजन करते हैं। इस वर्ष भी इसका धूमधाम के साथ आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांच अक्तूबर को इस उपलक्ष्य पर यहां विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी दिन भव्य शोभायात्रा के साथ मूर्ति विसर्जन भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *