मनाली। आम आदमी पार्टी के मनाली विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष प्रेम चन्द ने कहा कि जनता की आवाज कही जाने वाली आप पार्टी की हवा दिल्ली से पंजाब होते हुए हिमाचल पहुंच  रही है।
पत्रकारो से बातचीत में प्रेम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आम आदमी पार्टी के रुप मे तीसरा विकल्प मिल गया है। आप पार्टी भाजपा व कांग्रेस की अदला बदली का खेल को खत्म कर रही है।
पार्टी प्रदेश में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है औऱ बूथ स्तर पर काम में जुट गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मनाली विधानसभा की कार्यकारिणी का गठन करने के बाद क्षेत्र में 14 उप समितियों का गठन कर लिया है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी प्रदेश में सरकार बनाते ही भ्रष्टाचार को प्राथमिकता में खत्म करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल को दिल्ली मॉडल बनाएगें। उपाध्यक्ष हेम राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बड़े  दिग्गज आप पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि साफ छवि के नेताओं को पार्टी में शामिल किया जाएगा।
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में बिजली व पानी की बढ़ती कीमतें सरकार पर भारी पड़ेगी। आम आदमी पार्टी  जनहित के मुद्दों को   प्राथमिकता से हल करेगी। अब यह स्पष्ठ हो गया है कि मुकाबला त्रिकोणीय होगा और आप पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी।
महिला उप समिति की अध्यक्ष भारती चोपड़ा ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस की नीतियों से लोग तंग आ गए हैं। महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भाजपा व कांग्रेस की सरकारें उद्योगपति व बड़े घरानों को ही प्राथमिकता देती रही है जबकि आप पार्टी आम जनता के दुख दर्द को लेकर योजनाएं बनाएगी।
इस अवसर पर रोशन, देश राज शर्मा, भीमी राम, शिव कुमार व चुनी लाल ने भी अपने विचार रखे और आप पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने की बात कही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *