मनाली : रोहतांग की ओर निजी बसों के चलाने पर हिम आंचल टैक्सी यूनियन के लोग भड़क उठे। निजी बसें भेजने के विरोध में टैक्सी यूनियन ने आज दोपहर चार बजे भूतनाथ चौक पर चक्का जाम कर दिया। टैक्सी ओपरेटर लगभग दो घण्टे धरने में बैठे रहे। प्रशासन द्वारा आश्वासन मिलने पर दो घण्टे बाद टैक्सी ओपरेटर सड़क से हटे। इस बीच दोनों ओर दस किमी लम्बा जाम लग गया। पर्यटक पैदल चलने को मजबूर हो गए। रोहतांग की ओर मनाली से पलचान तक जबकि कुल्लू की ओर क्लाथ तक लम्बा जाम लग गया। अलेउ कि ओर भी प्रीणी तक जाम का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी मुकेश राठौर ऑपरेटरों को मनाने उनके कार्यालय भी गए लेकिन बात नहीं बनी।
इससे पहले टैक्सी ऑपरेटरों ने मनाली में एसडीएम कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने टैक्सी यूनियन के कार्यालय से एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली। जिसमें प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चन्द पोहलु व महामंत्री किशोरी लाल ने कहा कि पर्यटन स्थलों के लिए बसे चलाने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। आज भी उन्होंने चार निजी बसें पकड़ी हैं जो पर्यटकों को लेकर मढ़ी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उन्हें बसों को बन्द करने का आशवासन दिया था। लेकिन कुछ नही हुआ। इसलिए उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार से मांग की गई है कि हिमाचल के पर्यटक वाहनों को ही रोहतांग जाने की अनुमति दी जाए। पोहलु ने बताया कि उन्हें प्रशासन ने उनके आग्रह पर निजी बसों के परमिंट रद्द करने की बात कही है तथा अन्य समस्यओं के समाधान का भी आश्वासन दिया है।
एसडीएम मनाली रमण शर्मा ने कहा कि टैक्सी आपरेटरों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा गया है। ऑपरेटरों की सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से यूनियन की यथासम्भव मदद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *