मनाली । विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि स्कूल में जल्द ही शौचालयों सहित स्टेज का निर्माण किया जाएगा। स्कूल के बदहाल हो चुके शौचालयों पर उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि छात्रों का जल्द ही नए शौचालय बनाकर दिए जाएंगे। विधायक आज रावमा पाठशाला मनाली में आयोजित वार्षिकोत्सव पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्कूल को 116 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। प्रधानाचार्य की मांग पर उन्होंने कहा कि सड़क किनारे दो दशक से बंद पड़े भवन की हालत सुधारकर प्रयोग में लाया जाएगा। उन्होंने एसडीएम मनाली को 15 दिन में स्टेट्स रिपोर्ट देने को कहा। विकास कार्यों की बात करते हुए गौड़ ने कहा कि मनाली में इंडोर स्टेडियम के लिए 25 लाख रुपए टोकन मनी भी पहुंच चुका है। आइस स्केटिंग रिंग भी बहुत जल्द बनेगा जिसकी औपचारिकता जारी है। उन्होंने छात्रों द्वारा आयोजित रंगारंग कार्यक्रम की सराहना की और छात्रों को बधाई दी। विधायक ने पढ़ाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे रहने वाले होनहार छात्रों को सम्मानित किया। सम्मानित समारोह में प्रथम स्थान पर रहने वाले छात्रों शिक्षा, विजया, इशिका, लीलावती, नविता, अनामिका, पलक, चंचल, स्नेहा, सेरेना, कामना, वृंदा ठाकुर, महक व प्रियांशी को सम्मानित किया। पढ़ाई में प्रथम स्थान पर कब्जा करने वाली सभी लडकिया ही रही जबकि अधिकतर कार्यक्रम भी लड़कियों ने ही प्रस्तुत किए। इस बात पर विधायक ने लड़कियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि लड़के भी बढ़चढ़कर भाग लें अन्यथा वो बहुत पीछे रह जाएंगे। स्कूल की प्रधानाचार्य पुष्पा देवी ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी ओर साल भर की उपलवधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्रों ने कुल्लवी नाटी सहित लाहुल, किन्नौर नाटी डाली साथ ही पंजाबी भांगड़ा प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।

इस अवसर पर मनाली एसडीएम डा. सुरेन्द्र ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष चमन कपूर सहित अध्यापक अभिवावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *