Manali: मंगलवार को मौसम खुलते ही पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह ही पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों का रुख शुरु कर दिया जिससे सड़क में लंबी लाइन लगना शुरु हो गई। सुबह के समय पलचान व नाग मन्दिर के पास सड़क में बर्फ जमने से वाहन स्किड होने लगे। हालात देख पुलिस को मजबूरन वाहन पलचान में ही रोकने पड़े। एक घण्टे के भीतर पलचान से बाहंग तक चार किमी लम्बा ट्रैफ़िक जाम लग गया। जाम लगने से पर्यटकों को तो दिक्कत का सामना करना ही पड़ा साथ ही उझी घाटी के नौ गांव के सैंकड़ों ग्रामीणों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाए साथ ही कर्मचारी भी ट्रेफिक जाम में फंसे रहे। सुबह बर्फ के दीदार करने होटलों से निकले पर्यटक दिन भर ट्रैफ़िक जाम में फंसे रहे। वाहन चालक दीपक, नन्द लाल, नरेंद्र, संजय, बलबीर व जगदीश ने बताया कि ट्रैफ़िक जाम के कारण वह पर्यटकों को समय पर पर्यटन स्थलों में नहीं पहुंचा पाए जिस कारण उन्हें पर्यटकों की तीखी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ होते ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि पार्किंग से बर्फ न हटाने के कारण व सड़क में बर्फ जमने के कारण ट्रैफ़िक जाम की समस्या पैदा हो रही है। उन्होने प्रशासन से आग्रह किया कि सोलंग नाला में बर्फ से ढकी पार्किंग को जल्द खाली करवाएं ताकि पर्यटकों को जाम का सामना न करना पड़े। डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने बताया कि नाग मन्दिर के पास सड़क में बर्फ जमने के कारण वाहन सोलंग नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि पलचान में वाहन रोकने पड़े जिस कारण ट्रैफ़िक जाम लगा। पुलिस ट्रैफ़िक सुचारु रखने में यथासम्भव प्रयास कर रही है। Post navigation ड्रग्स व्यसन, नशे के दुष्प्रभाव के बारे लोगो को जागरूक करने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान केन्द्र सरकार का वार्षिक बजट मात्र छलावाः मुख्यमंत्री