भाजपा मनाली ने किया कांग्रेस सरकार के डिनोटिफाई अभियान के खिलाफ प्रदर्शन
जिला अध्यक्ष भीमसेन की अध्यक्षता में रामबाग से आइबेक्स चौक तक निकाली रैली
मनाली । कांग्रेस सरकार द्वारा पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में आरंभ किए गए विभिन्न कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, पटवार सर्कलों तथा अन्य कार्यालयों को डी नोटिफाई करने के खिलाफ आज मनाली भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मनाली में रामबाग से आइबेक्स चौक तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकाली। एसडीएम मनाली के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंप कर जनहित में सरकार के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
जिला कुल्लू भाजपा के अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने आम जनता के हितों को लेकर प्रदेश भर में विभिन्न संस्थानों के कार्यालय खोले थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बदले की भावना से काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भाजपा में मुख्यमंत्री रहे जयराम ठाकुर के द्वारा ऐसे कोई भी जनविरोधी फैसले नहीं दिए गए थे और पूर्व में वीरभद्र सरकार के द्वारा जो फैसले लिए गए थे उन्हें यथावत रखा गया था। लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सत्ता में आते ही जनविरोधी फैसले लेने में जुट गए हैं।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि अगर आने वाले दिनों में इन फैसलों को नहीं बदला गया तो भाजपा का यह आंदोलन उग्र रुप ले लेगा। प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष चमन कपूर, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सहित पार्षद तथा अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *