बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद का विशेष महत्व: दिले राम

कहा, बच्चों में छुपी प्रतिभाओं को निखारने में भूमिका निभाएं शिक्षक

मनाली। नसोगी पंचायत के प्रधान दिले राम ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद का अपना विशिष्ट महत्व है। लेकिन परीक्षा के दौरान बच्चों को खेलकूद में कम समय देना चाहिए। क्योंकि ज्यादा समय खेलकूद में देने से उनकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित होगी। प्रधान आज अनिला महाजन सरस्वती विद्या मंदिर मनाली के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि अपने विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में शिक्षा जितनी जरूरी है उतना ही जरूरी बच्चों के लिए खेलकूद है। इससे बच्चों में शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास होता है। बच्चों के विचारों में निखार आता है। उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जगदेव ठाकुर विशेष रुप से मौजूद रहे। उप प्रधानाचार्य जीवन लाल शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आज पहली से पांचवीं तक के बच्चों का कार्यक्रम था जबकि शुक्रवार को छठी से बाहरवी तक के विद्यार्थी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। आज नर्सरी से पांचवी तक के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया। इसी के साथ समूह गान, नाटी, संस्कृत गाना की प्रस्तुतियां दी। इस दौरान सभी अध्यापक व अभिवावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *