मनाली। इंटक के प्रदेश प्रवक्ता डीआर जोशी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं, किसानों और बागवानों से धोखा किया है। हर वर्ग प्रदेश सरकार से हताश व निराश है। पेंशन को लेकर कर्मचारी विरोध कर रहे हैं लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सभी विंग को मौका देने के लिए हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी सहित

प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सहप्रभारी संजय दत्त, तेजेंद्र पाल सिंह बिट्टू व गुरकीरत सिंह कोटली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रत्याशियों की सूची हाई कमान को सौंप दी है। जल्द ही कांग्रेस टिकट का आवंटन कर चुनाव मैदान में उतरकर प्रचार में जुट जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पूर्ण बहुमत से प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह को जाता है। भाजपा सरकार आज भी उनके द्वारा शुरु किए गए कार्यों के उदघाटन कर रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि विकास की कोई सीमा नहीं है लेकिन भाजपा की सरकार प्रदेश का विकास करवाने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा सरकार से मोह भंग हो गया है। जनता ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *