मनाली। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पर्यटन नगरी मनाली में बने फ्लाई डायनिंग रेस्तरां से पर्यटकों को नई एडवेंचर एक्टिविटी मिल गई है। हिमाचल प्रदेश में बना यह रेस्तरां पर्यटन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने सबसे ऊंचाई पर बने देश के पहले फ्लाई डायनिंग रेस्तरां में नाश्ता किया और मनाली की वादियों को निहारा। उन्होंने कहा कि मंडी निवासी दमन कपूर द्वारा बनाए गए इस रेस्तरां से प्रदेश के पर्यटन में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि 170 फीट ऊंचे फ्लाई डायनिंग में बैठकर कुल्लू के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेना अपने आप में एक यादगार पल है। रेस्तरां में बैठकर रानीसुई, इंद्र किला, हामटा व रोहतांग के पहाड़ियों निहारना अपने आप मे अलग सा सुखद अनुभव देगा।

यह गतिविधि पर्यटकों को खूब पसंद आएगी और मनाली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मनाली में हर साल पर्यटकों की आमद बढ़ती जा रही है। इस तरह की नई एक्टिविटी से पर्यटन को चार चांद लगेंगे। नगर परिषद के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा की यह फ्लाई डायनिंग मनाली की शान बना गया है और पर्यटकों की भी पहली पसंद बना है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने भी दमन कपूर को बधाई दी।

फ्लाई डायनिंग बनाने वाले पर्यटन कारोबारी दमन कपूर ने बताया कि उन्होंने मनाली में कुछ नया करने की सोची और लगभग नौ करोड़ की लागत से प्रदेश का पहला फ्लाई डायनिंग रेस्टोरेंट तैयार किया। उन्होंने कहा कि 24 लोग एक साथ इस फ्लाई डायनिंग रेस्टोरेंट में बैठकर 170 फीट की ऊंचाई में 3999 रुपये प्रति व्यक्ति लंच या डिन्नर का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पूर्ण रुप से सुरक्षित है और फ्लाई डायनिंग की एक राइड का 50 करोड़ का बीमा कवर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *